बिना शतक टेस्ट में इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन, देखें लिस्ट

टेस्ट क्रिकेट में बिना शतक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले नंबर 1 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न हैं। शेन वॉर्न ने अपने टेस्ट जीवन में 145 मैचों की 199 पारियों में 3154 रन बनाए हैं। उन्होंने 12 बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली लेकिन वे शतक से वंचित रह गए। उनका सर्वोच्च निजी स्कोर 99 रनों का है। जो न्यूजीलैंड के खिलाफ 2001 में पर्थ टेस्ट के दौरान उनके बल्ले से आया था।

बिना शतक लगाए सर्वाधिक रन बनाने के मामले में श्रीलंका के निरोशन डिकवेला दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 92 रन बनाए थे। ये उनके टेस्ट करियर की सबसे बड़ी पारी है। डिकवेला 41 टेस्ट की 74 इनिंग्स में 16 फिफ्टी जड़ते हुए 2163 रन बना चुके हैं।
इसके बाद इस लिस्ट मे तीसरे नंबर पर भारत के चेतन चौहान मौजूद हैं। भारतीय पूर्व खिलाड़ी चेतन चौहान के नाम पर 40 टेस्ट और उसकी 68 पारियों में 2084 रन दर्ज हैं। ये सभी रन उन्होंने बिना किसी शतक के मदद से बनाए हैं। बिना शतक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 खिलाड़ी में आगे वेस्टइंडीज के डेरिक मुर्रे (1993) चौथे, मैल्कम मार्शल (1810) पांचवें पायदान पर शामिल हैं।