एक दिन महात्मा गांधी के पास एक लड़का आया और बोला कि गांधी जी मैं भी देश की सेवा करना चाहता हूं। इसलिए मुझे भी आपके साथ काम करने का मौका दीजिए।
गांधी जी ने उस लड़के को देखा और बोले कि ठीक है। मैं अभी चरखा चला रहा हूं तो तुम ये सूत इकट्ठा कर दो।
लड़के ने गांधी जी के द्वारा बताया गया काम कर दिया। इसके बाद गांधी जी ने कहा कि कुछ बर्तन रखे हुए हैं, उन्हें साफ कर दो।
उस लड़के ने ये काम भी कर दिया। इसके बाद गांधी जी ने उसे आश्रम में सफाई करने का काम दे दिया।
इस गांधी जी उस लड़के से छोटे-छोटे काम कराने लगे। कुछ दिन बीत गए। उस लड़के को ये सारे काम अच्छे नहीं लग रहे थे। एक दिन लड़के ने गांधी जी से कहा कि मैं अब यहां नहीं रुक सकता। मैं जा रहा हूं।
गांधी जी ने उससे पूछा कि लेकिन क्यों जा रहे हो?
लड़के ने जवाब दिया कि मैं पढ़ा-लिखा लड़का हूं, अच्छे परिवार से हूं। आप जो काम मुझसे करवा रहे हैं, ये काम मेरे लिए सही नहीं है।
गांधी जी ने उस लड़के की बात शांति से सुनी और उसे समझाते हुए कहा कि मैं तो तुम्हारी परीक्षा ले रहा था। जो लोग देश सेवा करना चाहते हैं, उनके लिए सभी काम एक समान होते हैं। सेवा करने वाले के लिए कोई भी काम छोटे-बड़े नहीं होते हैं। सेवा भावी सिर्फ सेवा करता है।